खेल डेस्क। शैफाली वर्मा (64 रन) की तूफानी पारी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर पर महिला एशिया कप में भारतीय टीम ने थाईलैंड को शिकस्त देकर जीत के साथ आगाज किया है। मैच में भारत की ओपनिंग बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 10 गेंदों का सामना करते हुए 19 रन बनाए। इस पारी के दौरान वह विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में सूजी बेट्स को पछाड़कर दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं।
मंधाना के अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,756 रन हो गए हैं। उन्होंने टेस्ट मुकाबलों में 788 रन, वनडे में 5411 रन और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4557 रन बनाए हैं। 30 वर्षीय मंधाना ने टेस्ट करियर के 9 मुकाबलों में 2 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं, 120 वनडे मुकाबलों में वह 14 शतक और 35 अर्धशतक लगा चुकी हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 1 शतक के साथ 35 अर्धशतक लगाए हैं।
विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज के नाम दर्ज है, जिन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 10,868 रन बनाए। वहीं, सूजी बेट्स (10,740) इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर खिसक गई हैं। शार्लेट एडवर्ड्स (10,273) और स्टेफनी टेलर (10,007) क्रमश चौथे और पांचवें पायदान पर हैं।
थाइलैंड की टीम हुई 65 रन पर ढेर
एशिया कप के इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाज करते हुए नौ विकेट गंवाकर 159 रन बनाए। जवाब में थाइलैंड की टीम 16.1 में केवल 65 रन पर ही ढेर हो गई। शैफाली वर्मा ने अपनी अर्धशतकीय पारी में केवल 36 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और तीन छक्के लगाए।
PC: cricinfo.