जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज होने पर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने इस संबंध में आज एक्स के माध्यम से कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हुई छुआछूत के खिलाफ मुखरता से आवाज बुलंद करने पर राहुल गांधी के ही खिलाफ एफआईआर दर्ज करना भाजपा के घमंड और तानाशाही की पराकाष्ठा है। यह दिखाता है कि भाजपा चाहती है कि दलितों के साथ छुआछूत और भेदभाव चलता रहे और जो उसके खिलाफ आवाज उठाए उन्हें प्रताड़ित किया जाए।
कांग्रेस ने हमेशा छुआछूत और भेदभाव का विरोध किया है। संविधान में अस्पृश्यता निवारण हो या दलितों के साथ अत्याचार रोकने वाला एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून, सब कांग्रेस की देन है। भाजपा ने आजतक दलितों के हित में ऐसा कोई कदम क्यों नहीं उठाया। आरएसएस ने आजतक छुआछूत खत्म करने का कोई अभियान क्यों नहीं चलाया?
गहलोत ने कहा कि इससे स्पष्ट हो जाता है कि भाजपा दलित वर्ग के साथ भेदभाव को न सिर्फ नजरअंदाज करती है, बल्कि उसे संरक्षण भी देती है। पीड़ित पक्ष को ही आरोपी बनाने वाली यह भाजपा सरकार संविधान और अंबेडकर के सिद्धांतों की खुलेआम अवहेलना कर रही है। मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी एवं पूरी कांग्रेस पार्टी दलितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और ऐसे हर अन्याय का विरोध करेगी।
PC: firstindia