दुनिया में ऐसी कई नौकरियां हैं, जो सुनने में अजीबोगरीब लगती हैं, लेकिन इनमें लोगों को अच्छा-खासा वेतन मिलता है। किसी को लाइन में खड़ा होने, पांडा को गले लगाने, सोने या यहां तक कि टेडी बियर की मरम्मत करने के पैसे मिल सकते हैं। आइए जानते हैं कुछ ऐसी अजीब लेकिन मजेदार नौकरियों के बारे में।
जापान में, भीड़भरी मेट्रो ट्रेनों के दरवाजे बंद कराने के लिए पैसेंजर पुशर रखे जाते हैं। ये कर्मचारी यात्रियों को अंदर धकेलते हैं ताकि दरवाजे आसानी से बंद हो सकें। यह काम न्यूयॉर्क और बीजिंग जैसे शहरों में भी किया जाता है।
अगर आपको लाइन में खड़े होना बोरिंग लगता है, तो विदेशों में इस काम के लिए प्रोफेशनल क्यूयर हायर किए जाते हैं। ये लोग किसी और की जगह कतार में खड़े होते हैं और इसके बदले अच्छा पैसा कमाते हैं। कुछ क्यूयर 16,000 रुपये प्रति दिन तक कमा लेते हैं।
चीन में पांडा नैनी का काम है इन प्यारे जानवरों की देखभाल करना। इन्हें खाना खिलाने, खेलने और गले लगाने के बदले अच्छी तनख्वाह दी जाती है। यह नौकरी खासकर पांडा प्रेमियों के लिए बेहद आकर्षक है।
दक्षिण पूर्व एशिया में अंतिम संस्कार के दौरान प्रोफेशनल रोने वाले हायर किए जाते हैं। यह परंपरा मृतक की आत्मा को शांति देने के लिए की जाती है। रोने के इस काम के लिए इन लोगों को वेतन दिया जाता है।
जापान और कुछ अन्य देशों में, किराए पर बॉयफ्रेंड की सुविधा मिलती है। महिलाएं अकेलापन दूर करने के लिए इनकी सेवाएं लेती हैं। यह नौकरी बिना किसी खास शैक्षिक योग्यता के भी की जा सकती है।
सोने के लिए पैसे मिलना किसी सपने जैसा लगता है, लेकिन प्रोफेशनल स्लीपर का काम यही है। ये लोग गद्दों और तकियों की गुणवत्ता जांचने के लिए सोते हैं। इसके अलावा, नींद पर रिसर्च करने वाले वैज्ञानिक भी इन्हें हायर करते हैं।
अगर आपका टेडी बियर खराब हो जाए, तो टेडी बियर टेक्निशियन उसे नया जैसा बना सकते हैं। इस नौकरी में फटे टेडी बियर की मरम्मत की जाती है, और यह काम करने वालों को अच्छी सैलरी मिलती है।
ये नौकरियां यह साबित करती हैं कि पैसा कमाने के लिए केवल पारंपरिक तरीके ही नहीं, बल्कि कुछ अनोखे और अजीब तरीके भी हो सकते हैं। यह न केवल रोजगार के नए आयाम खोलती हैं, बल्कि लोगों को जीवन का एक अलग अनुभव भी देती हैं।