खेल डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस को 18 रन से शिकस्त दी। मैच में आरसीबी की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 240 रनों का स्कोर खड़ा किया।

जवाब में हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस पांच विकेट गंवाकर केवल 222 रन ही बना सकी। आरसीबी की ओर से विराट कोहली और फिल साल्ट की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी के साथ ही पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली एक ऐसी उपलब्धि हासिल करने में कामयाब हो गए जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम और वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर क्रिस गेल दोनों को एक झटके में पीछे छोड़ दिया।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में 38 गेंदों में 50 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 5 चौका और एक छक्का लगाया। इस साझेदारी के दम पर विराट कोहली अब टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शतकीय साझेदारियों का हिस्सा रहने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
इससे पहले संयुक्त रूप से थे पहले स्थान पर
विराट कोहली इससे पहले बाबर आजम और क्रिस गेल के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर ही थे, लेकिन अब कोहली ने इन दोनों को पीछे छोड़ दिया है। टी20 क्रिकेट में विराट कोहली ने 47वीं बार शतकीय साझेदारी की। वहीं बाबर आजम और क्रिस गेल ने 46–46 बार ऐसा किया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 45 बार और फाफ डु प्लेसिस ने 40 बार ऐसा किया है।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें