खेल डेस्क। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के ग्रुप सी मैच में मुंबई ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की। जयपुर के जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड में आज खेले गए मैच में मुंबई ने छत्तीसगढ़ को नौ विकेट से हराकर इस सीजन अपनी जीत की हैट्रिक पूरी की। छत्तीसगढ़ पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 142 रन ही बना सकी।
जवाब में मुंबई ने एक विकेट गंवाकर केवल 24 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने नई गेंद से शानदार प्रदर्शन कर पांच ओवर के अंदर छत्तीसगढ़ के 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया था। छत्तीसगढ़ के कप्तान अमनदीप खरे और अजय मंडल के बीच पांचवें विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी का टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का प्रयास किया। अमनदीप खरे ने 103 गेंदों में 63 रन और अजय मंडल ने 67 गेंद में 46 रन बनाए। टीम के 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। मुंबई की ओर से शम्स मुलानी ने 9.1 ओवर में 31 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए।
रघुवंशी ने बनाए नाबाद 68 रन
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की ओर से ईशान मूलचंदानी ने 36 गेंदों में 19 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद अंगकृष रघुवंशी और सिद्धेश लाड ने दूसरे विकेट के लिए 102 रन की शानदार साझेदारी मुंबई को आसान जीत दिला दी। रघुवंशी ने 66 गेंदों में 6 चौके की मदद से नाबाद 68 रन का योगदान दिया। सिद्धेश लाड ने 42 बॉल पर छह चौके की मदद से 48 रन बनाए। शार्दुल ठाकुर को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें