भारत में पेट्रोल पंप पर केवल ईंधन भरवाने के अलावा भी कई सुविधाएं मुफ्त में उपलब्ध हैं। इनमें टायर में हवा भरवाने, पीने का पानी, टॉयलेट और इमरजेंसी कॉल जैसी सेवाएं शामिल हैं। हालांकि, अधिकतर लोग इन मुफ्त सेवाओं की जानकारी नहीं होने के कारण उनका उपयोग नहीं कर पाते। आइए जानते हैं इन सुविधाओं के बारे में विस्तार से।
यदि आपकी गाड़ी के टायर में हवा की कमी हो, तो आप पेट्रोल पंप पर इसे मुफ्त में भरवा सकते हैं। आमतौर पर मैकेनिक शॉप पर इसके लिए शुल्क लिया जाता है, लेकिन पेट्रोल पंप पर यह सेवा निःशुल्क है। यदि कोई कर्मचारी पैसे मांगता है, तो उसकी शिकायत की जा सकती है।
लंबे सफर के दौरान यदि आपके पास पानी खत्म हो जाए, तो पेट्रोल पंप पर मुफ्त पीने के पानी का लाभ उठाया जा सकता है। इसके साथ ही, सार्वजनिक शौचालय और वॉशरूम का भी निःशुल्क उपयोग किया जा सकता है। यह सुविधा यात्रियों की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई गई है।
अगर आपका मोबाइल बंद हो जाए या बैटरी खत्म हो जाए, तो पेट्रोल पंप पर उपलब्ध लैंडलाइन का इस्तेमाल कर आप इमरजेंसी कॉल कर सकते हैं। यह सेवा भी पूरी तरह मुफ्त है और जरूरतमंद यात्रियों के लिए विशेष रूप से बनाई गई है।