गुजरात के अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 गुरुवार को एक भीषण हादसे का शिकार हो गई। दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद यह विमान मेघाणी नगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में कुल 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें से सिर्फ एक यात्री जीवित पाया गया है।
इस भयावह दुर्घटना में 11A सीट पर बैठे विश्वास कुमार रमेश नामक 40 वर्षीय यात्री को जीवित निकाला गया है। वे फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
विश्वास ने बताया, “उड़ान भरने के करीब 30 सेकंड बाद एक जोरदार आवाज हुई और विमान हिलने लगा। अचानक एक जोर का झटका लगा और सब कुछ खत्म हो गया। जब मेरी आंख खुली तो मेरे चारों तरफ सिर्फ लाशें थीं। मैं बुरी तरह डर गया था, लेकिन किसी तरह बाहर निकला। इसके बाद मुझे अस्पताल पहुंचाया गया।”
विश्वास कुमार रमेश मूल रूप से भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक हैं और पिछले 20 वर्षों से लंदन में रह रहे हैं। वे कुछ दिनों के लिए अपने परिवार से मिलने भारत आए थे और अपने बड़े भाई अजय कुमार रमेश (45) के साथ वापस लौट रहे थे। दुर्भाग्यवश, इस हादसे में अजय की मौत हो गई।
अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने जानकारी दी कि घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। मलिक ने यह भी कहा कि अन्य लोगों के जीवित मिलने की उम्मीद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। एजेंसियां मौके पर हर कोण से जांच कर रही हैं।
चमत्कार !! pic.twitter.com/V7xr65tun8
— Gaurav Singh Sengar (@sengarlive) June 12, 2025
एयर इंडिया के अनुसार, यह फ्लाइट एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थी। इसमें सवार यात्रियों में शामिल थे:
169 भारतीय नागरिक
53 ब्रिटिश नागरिक
7 पुर्तगाली नागरिक
1 कनाडाई नागरिक
फ्लाइट के टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था, जिसके बाद यह घनी आबादी वाले इलाके में क्रैश हो गया।
विदेश मंत्रालय ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसे “बहुत दुखद” बताया और कहा कि कई विदेशी नागरिकों की भी जान गई है। साथ ही यह भी बताया गया कि घटनास्थल पर राहत कार्य जारी हैं और स्थिति लगातार बदल रही है।
एयर इंडिया ने हादसे को लेकर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है। एयरलाइन ने जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देने की बात कही है और घायलों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय और रानी कैमिला ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है। बकिंघम पैलेस से जारी बयान में कहा गया कि वे इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं और भारत के लोगों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हैं।
एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 का हादसा भारत के हालिया इतिहास की सबसे बड़ी विमान दुर्घटनाओं में एक बन गया है। विश्वास कुमार रमेश की जीवित बच निकलना एक चमत्कार से कम नहीं है। फिलहाल पूरा देश इस त्रासदी से स्तब्ध है और हर किसी की निगाहें अब इस बात पर हैं कि इस हादसे की असली वजह क्या थी।
???? मृतकों को श्रद्धांजलि और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।