जयपुर। प्रदेश सरकार की ओर से राजधानी जयपुर में 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-ग्राम 2026 का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को हैदराबाद में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 के तहत आयोजित इन्वेस्टर्स मीट को संबोधित करते हुए इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से हमारी सरकार जयपुर में 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-ग्राम 2026 का आयोजित करने जा रही है। इस एग्रीटेक मीट में किसान, शिक्षाविद, कृषि कंपनियां और नीति निर्माता एक मंच पर आएंगे। नए तरीकों से कृषि और फूड प्रोसेसिंग गतिविधियों के विकास पर किसानों और विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दौरान कहा कि राजस्थान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर एग्रीटेक एवं फूड प्रोसेसिंग के सुनहरे अवसरों की भूमि बन चुका है। कृषि पैदावार में विविधता के कारण राजस्थान में प्रसंस्करण उद्योग, कोल्ड चेन, स्पाइस पार्क एवं कृषि आधारित उद्योगों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। इसी दिशा में राज्य सरकार प्रदेश को कृषि आधारित उद्योगों और वैल्यू एडेड प्रोडक्ट्स का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
राज्य सरकार निवेशकों के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य करने के लिए तैयार है
सीएम ने ‘पधारो म्हारो देस’का आह्वान करते हुए निवेशकों, एग्री-टेक स्टार्टअप्स और विशेषज्ञों को राजस्थान में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि ग्राम-2026 निवेशकों के लिए बड़े अवसरों का मंच है तथा इसके माध्यम से निवेशक राजस्थान में निवेश कर राज्य की विकास यात्रा के सहभागी बने। राज्य सरकार निवेशकों के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य करने के लिए तैयार है।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें