खेल डेस्क। राशिद खान की अगुवाई वाली अफगानिस्तान टीम ने टी20 एशिया कप 2025 में धमाकेदार आगाज किया है। अफगानिस्तान टीम ने टूर्नामेंट के पहले मैच में हॉन्ग कॉन्ग को 94 रन से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही राशिद खान की कप्तानी वाली अफगानिस्तान के नाम एक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। ये टी20 एशिया कप में अफगानिस्तान की रनों की लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। अफगानिस्तान ने अबु धाबी के शेख जायद स्टेडियम में हॉन्ग कॉन्ग के सामने जीत के लिए 189 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में हॉन्ग कॉन्ग टीम 9 विकेट पर केवल 94 रन ही बना सकी। हॉन्ग कॉन्ग की ओर से बाबर हयात (43 गेंदों में 39, तीन चौके) ने सबसे ज्यादा रन बनाए।
कप्तान यासिम मुर्तजा केवल 16 रन ही बना सके। किंचित शाह (6), जीशान अली (5) और कल्हान चल्लू (4) सहित सात खिलाड़ी तो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। अफगानिस्तान की ओर से गुलबदीन नायब और फजलहक फारूकी ने दो-दो जबकि अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद और नूर अहमद ने एक-एक विकेट हासिल करने में सफल रहे।
इससे पहले सलामी बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल (52 गेंदों में नाबाद 73) और ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई (21 गेंदों में 53) ने अर्धशतकीय पारियों के दम पर अफगानिस्तान ने टॉस जीतने के बाद निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। अटल ने मोहम्मद नबी (26 गेंदों में 33) के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी की।
अजमतुल्लाह उमरजई ने लगाया अपना पहला अर्धशतक
ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई ने 19वें ओवर में लगातार तीन छक्के और एक चौका लगाकर अपना पहला टी20 अर्धशतक बनाया। उन्होंने केवल 20 गेंदों ये अर्धशतक लगाया। ये एशिया कप का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और पांच छक्के लगाए। टल ने अपनी पारी में 6 चौके और तीन छक्के लगाए।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें