इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। आसमान से अंगारें गिर रहे हैं। यहां पर अधिकतम तापमान पचास डिग्री के करीब पहुंच चुका है। भीषण गर्मी से प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। दोपहर में सडक़ें सूनी नजर आ रही थी।
गंगानगर जिले में लोगों सबसे ज्यादा गर्मी का कहर झेलना पड़ रहा है। यहां पर रिकॉर्ड तापमान रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग की ओर से यहां पर शुक्रवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान गंगानगर में 49.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया है। 14 जून 1934 को इससे पहले इतनी गर्मी पड़ी थी। हालांकि मौसम विभाग की ओर से अब राहत भरी खबर दी गई है। विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में गर्मी से राहत मिलने वाली है।
आज तापमान में आ सकती है गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं सक्रिय होने से आगामी दिनों में मानसून के राजस्थान में जल्द प्रवेश के अच्छे संकेत हैं। इसी के प्रभाव से आज उदयपुर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट हो सकती है। दोपहर बाद कहीं-कहीं मेघगर्जन, अंधड़ व हल्की बारिश होने की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है। मानसून पूर्व की आंधी-बारिश की गतिविधियों में 15 जून से इजाफा हो सकता है। इससे तापमान में 2-4 डिग्री गिरावट हो सकती है।
प्रमुख जिलों में इतना रिकॉर्ड हुआ है अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी जयपुर में 44.5 डिग्री, सीकर में 43.5 डिग्री, कोटा में 44.2 डिग्री, अजमेर में 43.8 डिग्री, अलवर 44.5 डिग्री, चित्तौडग़ढ़ में 44.9 डिग्री, बाड़मेर में 46.2 डिग्री, जैसलमेर में 46.9 डिग्री, जोधपुर में 46.3 डिग्री, बीकानेर में 46.4 डिग्री, चूरू में 47.6 डिग्री और माउंट आबू में 32.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
PC: PTI
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें