जयपुर। भजनलाल सरकार ने एक बार फिर से किसानों को बड़ी सौगातें दी हैं। अब सरकार की ओर से डीग के किसानों को तोहफे मिले हैं। सोमवार को डीग जिले के ग्राम परमदरा में जल संसाधन विभाग की लगभग 24 करोड़ रुपए की लागत वाली प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 9 करोड़ 72 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान डीग तहसील एवं जिले में किसानों की सुविधा के लिए ककड़ा चैनल (आर.डी. 0 से 8500 मीटर) के जीर्णोद्धार तथा गुड़गांव कैनाल सिंचाई परियोजना के अंतर्गत टेल डिस्ट्रीब्यूटरी (चैन 0 से 220) और इसकी माइनर्स के पुनरुद्धार कार्यों का विधिवत लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया गया। इसके अतिरिक्त, बजट घोषणा के अंतर्गत डीग डिस्ट्रीब्यूटरी की दिदावली, परमदरा एवं डीग सब-माइनर के पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास भी किया गया। इन परियोजनाओं के मूर्तरूप लेने से जल का रिसाव रुकेगा और अंतिम छोर तक के खेतों में अधिकतम पानी सुगमता से पहुँच सकेगा।

राजस्थान मरु प्रदेश से हरित प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जल संसाधन मंत्री व प्रभारी मंत्री भरतपुर एवं डीग सुरेश सिंह रावत ने बताया कि इन सिंचाई परियोजनाओं से क्षेत्र के 21 गांवों की 4350 हेक्टेयर कृषि भूमि को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान मरु प्रदेश से हरित प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।

डीग जिले के विकास पर उन्होंने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गृह राज्य मंत्री की मांग पर डीग जिले को भी संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चम्बल लिंक परियोजना से जोड़ दिया गया है। इससे चम्बल, कालीसिंध और पार्वती नदियों का पानी यहां आएगा और पेयजल व सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें