इंटरनेट डेस्क। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से 53,749 पदों के लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा का आयोजन आज से होने जा रहा है। आज से लगातार तीन दिनों तक होने वाली इस परीक्षा में 24 लाख 75 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। तीनों दिन ये परीक्षा दो पारियों में होगी। परीक्षा का पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में कुल 38 जिलों में 1300 केंद्र बनाए गए हैं।
राजधानी जयपुर के 204 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों तक प्रतिदिन दो पारियों में परीक्षा होगी। जयपुर जिले में 6 पारियों में चार लाख 50 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। 19 सितम्बर से 21 सितंबर को आयोजित परीक्षा में अलग-अलग पारियों में प्रति पारी लगभग 75,000 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षा के सुचारू एवं सफल संचालन के लिए कलेक्ट्रेट के कमरा नम्बर 116 में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है जिसका संचालन 21 सितंबर तक प्रातः 7:30 बजे से परीक्षा समाप्ति उपरान्त नियंत्रण कक्ष से संबंधित समस्त कार्य पूर्ण होने तक कार्य करेगा। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रति पारी 103 उप समन्वयक एवं 39 उड़नदस्तों की नियुक्ति की गई है।
जयपुर स्थित परीक्षा केन्द्रों के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0141-2206699 रहेगा। उक्त नियंत्रण कक्ष पर जयपुर में स्थापित किए गए परीक्षा केन्द्रों से संबंधित जानकारियां प्रदान की जाएंगी एवं जयपुर स्थित परीक्षा केन्दों से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।
कलक्टर संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी
कलक्टर डॉ जितेंद्र कुमार सोनी के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। जिला कलक्टर द्वारा परीक्षा के आयोजन के लिए पुलिस, नगर निगम, यातायात पुलिस, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, नागरिक सुरक्षा विभाग, विद्युत विभाग, रोडवेज, जेसीटीसीएल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
PC: bhaskar
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें