जयपुर। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने 3 सितंबर को दौसा में एक कुख्यात अपराधी को लेकर जा रही पुलिस वैन की दुर्घटना में जान गंवाने वाले पुलिस कांस्टेबल संदीप शर्मा की मौत को लेकर दुख प्रकट किया है। वहीं उन्होंने सीएम भजनलाल शर्मा से संदीप शर्मा की पत्नी राधा शर्मा को बेहतर से बेहतर इलाज तथा परिवार को तत्काल आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
इस बात की जानकारी जूली ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है। उन्होंने एक्स के माध्यम से रविवार को कहा कि आज जयपुर के ईएचसीसी अस्पताल पहुंचकर 3 सितंबर को दौसा में एक कुख्यात अपराधी को लेकर जा रही पुलिस वैन की दुर्घटना में जान गंवाने वाले पुलिस कांस्टेबल स्व. श्री संदीप शर्मा की पत्नी श्रीमती राधा शर्मा की डॉक्टरों से स्थिति जानी एवं परिजनों से मुलाकात की। राधा ने अपने पति की आकस्मिक मृत्यु के सदमे में आत्महत्या का प्रयास किया। इस दंपत्ति के 11 एवं 8 वर्ष के दो छोटे बच्चे हैं। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मैंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से फोन पर बात की एवं उनसे राधा शर्मा को बेहतर से बेहतर इलाज तथा परिवार को तत्काल आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
पुलिस ने मेघवाल समाज के परिवार पर बर्बरता की
वहीं एक अन्य पोस्ट के माध्यम से कहा कि राजस्थान में दलितों के साथ कभी बाहुबलियों तो कभी पुलिस द्वारा अत्याचार के मामले सामने आ रहे हैं। मकराना की ग्राम पंचायत बरवाली में पुलिस ने मेघवाल समाज के परिवार पर बर्बरता की। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से मारपीट, घर में तोड़फोड़, ट्रैक्टर व गाड़ी में तोड़फोड़ की तथा परिवार को थाने में ले जाकर मारपीट की। डीडवाना एसपी रिचा तोमर से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली एवं पीड़ित परिवार के साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए कहा।
PC: livehindustan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें