जयपुर। राजस्थान की भजनलाल सरकार की ओर से अब राज्य सेवा के 21 अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। सीएम भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही एवं अभियोजन स्वीकृति दे दी है। सीएम भजनलाल ने राज्य सेवा के अधिकारियों के विचाराधीन 18 प्रकरणों का निस्तारण करते हुए कुल 21 अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की स्वीकृति दी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस संबंध में मंगलवार को भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 के तहत कुल 5 प्रकरणों में अभियोजन स्वीकृति जारी की तथा 4 अधिकारियों के विरूद्ध धारा 17-ए में भ्रष्टाचार के आरोपों की विस्तृत जॉच/अनुसंधान की पूर्वानुमति भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को प्रदान की।
सेवानिवृत्त अधिकारियों के पुराने प्रकरणों का निस्तारण करते हुए 4 अधिकारियों को पेंशन रोके जाने के दण्ड से दण्डित किया गया, जिसमें से 2 प्रकरणों में शत-प्रतिशत पेंशन रोके जाने का निर्णय किया गया।
इसी प्रकार सेवारत अधिकारियों के 5 प्रकरणों में 7 अधिकारियों के विरूद्ध विभिन्न आरोपों के प्रमाणित पाए जाने से संबंधित अधिकारियों की वार्षिक वेतन वृद्धियां रोके जाने के दण्ड से दण्डित किए जाने का निर्णय सीएम भजनलाल शर्मा ने लिया है। दो प्रकरणों में सेवानिवृत्त अधिकारियों के विरूद्ध प्रमाणित आरोपों के जॉच निष्कर्ष को अनुमोदित किया गया।
भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को सीएम ने दी थी चेतावनी
आपको बात दें कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पहले भी भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी थी। इस संबंध में सीएम भजनलाल ने अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए थे। इसी के तहत सीएम ने अब राज्य सेवा के 21 अधिकारियों पर कार्यवाही की स्वीकृति दी है।
PC: business-standard.
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें