जयपुर। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में अब तक 30 लाख करोड़ रुपए से अधिक राशि के एमओयू किए जा चुके हैं, जो राज्य में निवेशकों के अद्वितीय एवं नवीन विश्वास का प्रमाण है। सीएम भजनलाल शर्मा ने रविवार को भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की नेशनल काउंसिल के सदस्यों को इंटरेक्शन के दौरान संबोधित करते हुए ये बात कही है।

इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए पॉलिसी फे्रमवर्क में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए हैं। कुछ समय पहले लॉन्च की गई रिप्स 2024 के बाद नौ और नीतियां 4 दिसम्बर को लॉन्च की हैं।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राइजिंग राजस्थान समिट के आयोजन में सीआईआई ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही निवेशकों और राज्य सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य किया है। इन्होंने अपने संगठनात्मक कौशल से इस समिट को एक ऐसा प्लेटफॉर्म बना दिया है, जहां विचारों का आदान-प्रदान, साझेदारी और भविष्य के विकास की एक मजबूत नींव रखी जा रही है।

पानी की पर्याप्त उपलब्धता के लिए कर दिए गए हैं व्यापक एवं महत्वाकांक्षी प्रयास प्रारंभ
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की आर्थिक प्रगति के लिए 53 हजार किलोमीटर लंबी सडक़ें, 9 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे तथा ऊर्जा के क्षेत्र में 30 गीगावाट से 5 वर्षों में 125 गीगावाट के लक्ष्य को सामने रखकर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही राज्य के कोने-कोने में पानी की पर्याप्त उपलब्धता के लिए व्यापक एवं महत्वाकांक्षी प्रयास प्रारंभ कर दिए गए हैं, जिसके नतीजे शीघ्र सामने आएंगे।
बदलाव के प्रत्येक पहलू पर किया जा रहा है काम
सीएम ने कहा कि कौशल विकास, आधारभूत ढांचा, निवेश के लिए सकारात्मक वातावरण, पारदर्शी व्यवस्था, नवाचार और बदलती तकनीकों के साथ बदलाव के प्रत्येक पहलू पर काम किया जा रहा है, ताकि राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत और स्थिर होने के साथ ही निवेशकों का विश्वास कायम रहे।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें