खेल डेस्क। साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने टी20 क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड बना डाला है। एसए20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप का हिस्सा क्विंटन डी कॉक ने सोमवार को प्रिटोरिया कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मैच में टी20 में ओपनर के तौर पर 10 हजार रन बनाने वाले पहले विकेटकीपर बने।
प्रिटोरिया कैपिटल्स के खिलाफ मैच में डी कॉक ने 47 गेंदों पर 77 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और 6 छक्के लगाए। अभी कोई और खिलाड़ी इस रिकॉर्ड लिस्ट में उनके आस पास नहीं है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान हैं, वह टी20 में ओपनर और विकेटकीपर के तौर पर 159 मैचों में 6284 रन बना चुके हैं। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर 143 मैचों में 5104 रन बनाकर लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के कामरान अकमल 4493 रनों के साथ चौथे और मोहम्मद शहजाद 149 मैचों में 3894 रन बनाकर इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर मौजूद हैं।
मैच में सनराइजर्स ईस्टर्न की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 188 रन का स्कोर खड़ा किया। मैच में मैथ्यू ब्रिट्ज्के ने भी 33 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। सनराइजर्स ईस्टर्न ने ये मैच 48 रन से जीता। प्रिटोरिया कैपिटल्स टीम 18 ओवरों में केवल 140 रन पर ही ढेर हो गई।
क्विंटन डी कॉक मुंबई इंडियंस की ओर से खेलेंगे
आपको बता दें कि क्विंटन डी कॉक आगामी आईपीएल सीजन में एक बार फिर मुंबई इंडियंस की ओर से अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाते नजर आएंगे। उन्हें मिनी ऑक्शन में मुंबई ने 2 करोड़ के बेस प्राइस पर खरीदा था।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें