इंटरनेट डेस्क। भाजपा के राज्यसभा सांसद राम चंद्र जांगड़ा ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए पर्यटकों के साथियों को आतंकवादियों के खिलाफ लड़ना चाहिए था। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे। आतंकवादियों ने केवल पुरुषों को निशाना बनाया था, जिनमें से कई अपनी पत्नियों के साथ थे। अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर भिवानी में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा से भाजपा के राज्यसभा सांसद ने उक्त बयान दिया।
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने जांगड़ा की टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ये बेहद घृणित हैं। हुड्डा ने एक्स पर लिखा कि पहलगाम हमले में आतंकवादियों ने उन महिलाओं के पतियों की हत्या करके उनकी जिंदगी तबाह कर दी। अब हरियाणा से भाजपा के सांसद रामचंद्र जी उनकी गरिमा पर हमला कर रहे हैं। अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी भाजपा सांसद के इस बयान पर हमला करते हुए कहा कि इस तरह के बयान महिलाओं के आत्म सम्मान को ठेस पहुंचाते हैं।
PC : hindustantimes