इंटरनेट डेस्क। दुनिया के साथ ही देश में भी कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अब देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों को देखते हुए सरकार सचेत हो गई है। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को कोविड-19 बीमारी पर एक एडवाइजरी जारी की, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी के अस्पतालों को बिस्तर, ऑक्सीजन, दवाओं और टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। सरकार की ओर से सभी स्वास्थ्य संस्थानों को जीनोम अनुक्रमण के लिए सभी सकारात्मक कोविड-19 नमूने लोक नायक अस्पताल भेजने के लिए कहा गया है।
अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन, एंटीबायोटिक्स, अन्य दवाओं और टीकों की उपलब्धता के मामले में तैयारी सुनिश्चित करनी चाहिए। वेंटिलेटर, बाई-पीएपी, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और पीएसए जैसे सभी उपकरण चालू हालत में होने चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि सभी मापदंडों की दैनिक रिपोर्टिंग दिल्ली राज्य स्वास्थ्य डेटा प्रबंधन पोर्टल पर भी की जानी चाहिए।
बता दें कि बीते दो महीने से एक बार फिर से दुनिया भऱ में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रहे हैं। खासकर चीन और मलेशिया में कोरोना ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। माना जा रहा है कि अगर कोरोना एक बार फिर से अपने विक्राल रूप में सामने आता है तो इससे दुनिया की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लग सकता है।
PC : hindustantimes