इंटरनेट डेस्क। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन हो गया। तीन बार (2005, 2008, 2009) झारखंड के मुख्यमंत्री रह चुके शिबू सोरेन ने आज दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में अन्तिम सांस ली। शिबू सोरेन ने पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ ही लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित देश की राजनीति से जुड़े दिग्गजों ने दुख प्रकट किया है।
पीएम मोदी ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि शिबू सोरेन एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में ऊंचाइयों को छुआ। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उनके निधन से दु:ख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से बात की और संवेदना व्यक्त की।
वहीं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक्स के माध्यम से कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और जेजेएम के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ। आदिवासी समाज की मजबूत आवाज, सोरेन ने उनके हक और अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। झारखंड के निर्माण में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा। हेमंत सोरेन और पूरे सोरेन परिवार के साथ-साथ गुरुजी के सभी समर्थकों को गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री शिबू सोरेन का देहावसान अत्यंत दु:खद: बिरला
लोकसभी अध्यक्ष ओम बिरला ने इस संबंध में कहा कि राज्यसभा सांसद, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शिबू सोरेन का देहावसान अत्यंत दु:खद है। वे आठ बार लोक सभा के लिए भी निर्वाचित हुए। जनजातीय समाज व झारखंड प्रदेश को आगे बढ़ाने तथा सार्वजनिक जीवन में उनका गहरा प्रभाव रहा। शोकाकुल हेमंत सोरेन और उनके परिवार के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकसंतप्त परिजनों व समर्थकों को संबल प्रदान करें।
PC:aajtak.
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें