जयपुर। राजस्थान के 309 निकायों में चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया आज समाप्त हो जाएगी। नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन केंद्रों पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। प्रत्याशियों के पास आज दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल करने का समय है। जयपुर नगर निगम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी लिस्ट जारी कर दी है।
समाचार लिखे जाने तक लिस्ट में 145 वार्ड में प्रत्याशियों के नाम सामने आए हैं। 5 वार्ड में नाम विचाराधीन हैं। दूसरी और कांग्रेस की ओर अभी तक लिस्ट जारी नहीं की गई है।
भाजपा ने जयपुर नगर नगर निगम चुनाव में कई दिग्गजों को मौका दिया है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुई पूर्व महापौर ज्योति खण्डेलवाल को भी उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने ज्योति खंडेलवाल को वार्ड 110 से प्रत्याशी बनाया है। वहीं सुनील कोठारी को वार्ड 112 से चुनावी मैदान में उतारा गया है, जबकि शैलेंद्र भार्गव वार्ड 43 से भाजपा उम्मीदवार बनाया गया है। राजनीतिक हलकों में सुनील कोठारी, विमल अग्रवाल, शैलेंद्र भार्गव, पुनीत कर्णावत और ज्योति खंडेलवाल को मेयर पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार बताया जा रहा है। इससे पहले राजधानी में टिकट चयन को लेकर बीजेपी में कई दौर की बैठकें हुईं। सीएम भजनलाल शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रत्याशियों के नामों पर मंथन किया।
कांग्रेस ने जारी नहीं की अपनी सूची
दूसरी और कांग्रेस की ओर जयपुर नगर निगम के लिए उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची अभी तक जारी नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की ओर से अपने घोषित प्रत्याशियों को फोन पर सिंबल की जानकारी दे दी है। बड़ी संख्या में दावेदारों के बीच टिकट वितरण और संभावित बगावत रोकने की चुनौती को देखते हुए ऐसा किया गया है।
PC: bhaskar