खेल डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 51वें लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली कैपिटल्स ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए।
जवाब में केकेआर ने फिन एलन (47 गेंदों में 100 रन) की शतकीय पारी के दम पर दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में केएल राहुल ने 23 रन की पारी खेली। इस पारी के दम पर उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया जो इस टी20 लीग में कोई दूसरा खिलाड़ी अब तक करने में कामयाब नहीं हो सका। भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल ने इस पारी से दिल्ली कैपिटल्स की ओर से अपने एक हजार रन पूरे किए। इसके साथ ही वह तीन अलग-अलग टीमों से 1000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
इन तीन टीमों की ओर से बनाए हैं एक हजार से अधिक रन
केएल राहुल अभी तक अपने आईपीएल कॅरियर में कुल 5 टीमों की ओर से खेल चुके हैं। इसमें से उन्होंने पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जाएंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की ओर से आईपीएल में 1000 से अधिक रन बनाए हैं। राहुल ने पंजाब किंग्स की ओर से कुल 55 मुकाबलों में 56.62 के औसत से कुल 2548 रन बनाए हैं। लखनऊ सुपर जाएंट्स की तरफ से उन्होंने 38 मैचों में 41.47 के औसत से कुल 1410 रन बनाए हैं। वहीं अब दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से केएल राहुल 24 मैचों में 50 से अधिक औसत के साथ 1007 रन बना चुके हैं।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें