खेल डेस्क। रेणुका सिंह (चार विकेट), दीप्ति शर्मा (तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद शेफाली वर्मा (नाबाद 79) की तूफानी अर्धशशतकीय पारी के दम पर भारतीय महिला टीम ने तीसरे टी20 मैच में श्रीलंकाई महिला टीम को 8 विकेट से हराया। इसके साथ ही हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पांच टी20 मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 112 रन बनाए।
जवाब में शेफाली वर्मा के अर्धशतक की बदौलत भारत ने केवल 13.2 ओवरों में ही दो विेकट गंवाकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। शेफाली वर्मा ने अपनी तूफानी पारी के दम पर अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड भी दर्ज करवाया। उन्होंने 42 गेंदों में 79 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इसी के साथ वह श्रीलंका के खिलाफ अन्तरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं।
इस मामले में उन्होंने जेमिमा रोड्रिगेज का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जेमिमा ने साल 2022 में श्रीलंका के खिलाफ 76 रनों की पारी खेली थी। जेमिमा रोड्रिगेज ने इसी साल 69 रन की पारी भी खेली थी। वहीं पिछले मैच में शेफाली वर्मा ने 69 रन की मैच विजयी पारी खेली थी।
रेणुका सिंह ने झटके चार विकेट
मैच में श्रीलंकाई टीम की तरफ से लगातार तीसरे मैच में बल्लेबाजों ने निराश किया। टीम के लिए इमेशा दुलानी ही सर्वाधिक 27 रन बनाने में सफल रही। भारत की ओर से रेणुका सिंह ने चार ओवर में सिर्फ 21 रन देकर चार अहम विकेट चटकाए। स्टार दीप्ति शर्मा तीन विकेट अपने नाम करने में सफल रही। रेणुका को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। अब दोनों टीमों के बीच चौथा मुकाबला कल खेला जाएगा।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें