बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, सोशल मीडिया पर भी उतने ही सक्रिय हैं। वे न सिर्फ अपने फैंस से लगातार जुड़े रहते हैं, बल्कि उनके सवालों का जवाब देने से भी पीछे नहीं हटते। हाल ही में एक सोशल मीडिया इंटरेक्शन के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिससे खुद अमिताभ बच्चन को भी अफसोस हुआ। उन्होंने तुरंत अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और अपनी पोस्ट को सुधार भी लिया।
दरअसल, बीते रविवार रात को अमिताभ बच्चन एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर फैंस के साथ बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई लोगों के सवालों का जवाब दिया, अपने फोन की कॉलर ट्यून के पीछे की कहानी साझा की और बेटे अभिषेक बच्चन की आने वाली फिल्म का प्रमोशन भी किया।
क्या थी गलती?
इस इंटरैक्शन के दौरान अमिताभ बच्चन ने हिंदी में एक वाक्य लिखा – "जी हाँ हिज़ूर, मैं भी एक प्रशंसक हूँ, तो !!! ???"। यह वाक्य सामान्य लग सकता है, लेकिन "हिज़ूर" शब्द की वर्तनी में गलती थी। कुछ घंटों बाद जब उन्हें अपनी इस गलती का एहसास हुआ, तो उन्होंने अगली ही पोस्ट में सफाई दी और लिखा –
"हुज़ूर, नॉट हिज़ूर, सॉरी टाइपो!"
बड़े स्टार होने के बावजूद, अमिताभ बच्चन का अपनी गलती को स्वीकार करना और फौरन सुधारना उनके विनम्र स्वभाव को दर्शाता है। सोशल मीडिया पर उनके इस व्यवहार की फैंस ने जमकर सराहना की।
अभिषेक की फिल्म का प्रमोशन भी किया
इसी इंटरैक्शन के दौरान बिग बी अपने बेटे अभिषेक बच्चन की आने वाली फिल्म ‘कालीधर लापता’ का प्रमोशन करते भी नजर आए। उन्होंने इस फिल्म से जुड़ी कुछ झलकियां शेयर करते हुए इसे देखने की सलाह दी। बता दें कि अमिताभ बच्चन अपने बेटे के करियर को लेकर हमेशा से सपोर्टिव रहे हैं और समय-समय पर उनके प्रोजेक्ट्स का प्रमोशन करते रहते हैं।
अमिताभ बच्चन के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन हाल ही में साउथ की फिल्म ‘वेट्टैयन’ में नजर आए थे, जो 2024 में रिलीज हुई थी। इससे पहले उन्होंने पैन इंडिया फिल्म ‘कल्कि 2898 ए.डी.’ में अश्वत्थामा का दमदार किरदार निभाया था। इस फिल्म में उनके एक्शन सीन्स को खूब पसंद किया गया।
अब जो रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं, उनके मुताबिक अमिताभ बच्चन जल्द ही ‘रामायण पार्ट 1’ में नजर आ सकते हैं, जिसमें वे पौराणिक किरदार जटायू की भूमिका निभा सकते हैं।
सोशल मीडिया पर हर बात सुर्खियों में रहती है, लेकिन जब कोई बड़ा सितारा खुद अपनी गलती को स्वीकार कर ले और सच्चे मन से माफी मांगे, तो वह दर्शकों के दिल में और गहराई से उतर जाता है। अमिताभ बच्चन का यह अंदाज एक बार फिर यह साबित करता है कि वे केवल अभिनय के ही नहीं, बल्कि व्यवहार के भी ‘महानायक’ हैं।