एयर इंडिया प्लेन क्रैश: खुशबू पहली बार पति से मिलने लंदन जा रही थी, पिता ने कहा ‘आशीर्वाद बेटा’… फिर आई दिल दहला देने वाली खबर

खुशबू जैसी कई यात्रियों के लिए यह सफर उम्मीदों और सपनों से भरा हुआ था

एयर इंडिया प्लेन क्रैश: खुशबू पहली बार पति से मिलने लंदन जा रही थी, पिता ने कहा ‘आशीर्वाद बेटा’… फिर आई दिल दहला देने वाली खबर

अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट हादसे का शिकार हो गई। इस विमान में राजस्थान के बालोतरा जिले की खुशबू राजपुरोहित भी सवार थीं। यह उनकी शादी के बाद अपने पति से मिलने के लिए लंदन की पहली यात्रा थी, लेकिन किसे पता था कि यह यात्रा एक भयानक हादसे में बदल जाएगी।

सपना लेकर निकली थी खुशबू, लेकिन पहुंची दुख की खबर

खुशबू, राजस्थान के बालोतरा के अराबा गांव की निवासी हैं। उनकी शादी इसी साल जनवरी में मनफूल सिंह से हुई थी, जो लंदन में एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। शादी के बाद यह खुशबू की अपने पति से मिलने के लिए पहली फ्लाइट थी।

सुबह-सुबह पिता मदन सिंह उन्हें अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ने पहुंचे। उन्होंने विदाई के वक्त व्हाट्सऐप स्टोरी पर लिखा — “आशीर्वाद बेटा।” कुछ ही समय बाद उन्हें यह दिल तोड़ देने वाली खबर मिली कि फ्लाइट क्रैश हो गई है।

बताया जा रहा है कि खुशबू को छोड़ने उनके चाचा का बेटा भी साथ गया था। अब पूरा परिवार अहमदाबाद में है और उसकी सलामती की जानकारी जुटाने में लगा है। हर किसी की आंखों में आंसू हैं, लेकिन उम्मीद अब भी बाकी है।

 राजस्थान के 11 लोग थे विमान में सवार

इस फ्लाइट में राजस्थान के कुल 11 यात्री सवार थे। इनमें बांसवाड़ा, उदयपुर, बालोतरा और बीकानेर के लोग शामिल थे।

बांसवाड़ा से एक ही परिवार के पांच लोग यात्रा कर रहे थे:

  • प्रतीक जोशी

  • कोमी व्यास

  • मिराया जोशी

  • प्रद्युत जोशी

  • एक अन्य प्रतीक जोशी

घूमने निकले थे उदयपुर के भाई-बहन

उदयपुर के जिला कलेक्टर नमित मेहता के मुताबिक, मार्बल व्यवसायी संजीव मोदी के बेटे-बेटी — शगुन और शुभम मोदी — भी इस विमान में सवार थे। दोनों MBA कर चुके थे और अब पिता के व्यवसाय में मदद कर रहे थे। वे लंदन घूमने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही संजीव मोदी अहमदाबाद रवाना हो गए।

अहमदाबाद के NRI के लिए काम करते थे दो युवक

उदयपुर जिले के ही एक गांव से दो युवक भी विमान में सवार थे। वे लंदन में रहने वाले अहमदाबाद के एक NRI व्यवसायी के लिए रसोईया (कुक) का काम करते थे। इसके अलावा, बीकानेर का भी एक युवक इस विमान में यात्रा कर रहा था।

जांच और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

विमान हादसे के बाद प्रशासन, एयरलाइंस और रेस्क्यू टीमें सक्रिय हो गई हैं। सभी यात्रियों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर तनाव और गम का माहौल है।

खुशबू जैसी कई यात्रियों के लिए यह सफर उम्मीदों और सपनों से भरा हुआ था, लेकिन अब यह एक गहरे दुख की वजह बन गया है। पूरा देश प्रार्थना कर रहा है कि इस भयावह हादसे से कुछ चमत्कारी खबर सामने आए।