खेल डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के ऐतिहासिक नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम के उप कप्तान अक्षर पटेल के पास एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। मैच में वह अन्तरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज बन सकते हैं।
32 वर्षीय अक्षर पटेल भारत के लिए अब तक 93 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 87 पारियों में 94 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। अगर अक्षर पटेल फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन विकेट हासिल करने में सफल हो जाते हैं तो वह इस फॉर्मेट में वह भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज बन जाएंगे। अभी ये रिकॉर्ड युजवेंद्र चहल के नाम दर्ज है। जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 80 मैचों में 96 विकेट झटके हैं। भारत की ओर से बतौर स्पिन गेंदबाज दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज कुलदीप यादव हैं, जिन्होंने 54 मैच में 95 विकेट अपने नाम किए हैं। अगर कुलदीप यादव को फाइनल मुकाबला खेलने का मौका मिलता है तो उनके पास भी चहल से आगे निकलने का मौका होगा। अक्षर पटेल 94 विकेट के साथ तीसरे, रविचंद्रन अश्विन 72 विकेट के साथ चौथे और वरुण चक्रवर्ती 72 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
अक्षर पटेल का अभी तक ऐसा रहा है प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में अक्षर पटेल ने तीन ओवर में 35 रन देकर दो बड़े विकेट हासिल किए। वहीं फील्डिंग में तीन बेहतरीन कैच भी पकड़ने में सफल रहे। इस टी20 वर्ल्ड कप में अक्षर पटेल अब तक 6 मैचों में 8 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें