इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में आगामी दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। इस संबंध में मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से 27-28 नवंबर को अजमेर, उदयपुर , जोधपुर और बाड़मेर संभागों में कहीं- कहीं पर वर्षा होने का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम केंद्र, जयपुर के मुताबिक, इन दो दिनों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के चार संभागों के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। पूर्वी राजस्थान के अजमेर और उदयपुर संभागों में कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जोधपुर संभागों के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बारिश से स्थानीय तापमान में मामूली गिरावट आने से सुबह-शाम की ठंडक में वृद्धि होगी। आगामी दो दिनों तक प्रदेश में मौसम की स्थिति हल्की अस्थिर बनी रह सकती है। सोमवार को राज्य में मौसम शुष्क रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान जालौर में 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सीकर जिले के फतेहपुर में मात्र 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
प्रदेश के मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी जयपुर में 12.8 डिग्री, पिलानी में 9.0 डिग्री, सीकर में 8.0 डिग्री, कोटा में 12.7 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 12.2 डिग्री, बाड़मेर में 15.0 डिग्री, जैसलमेर में 11.9 डिग्री, जोधपुर में 13.8 डिग्री, बीकानेर में 14.4 डिग्री, चूरू में 7.8 डिग्री, अजमेर में 11.9 डिग्री, भीलवाड़ा में 12.2 डिग्री, अलवर में 9.2 डिग्री, श्री गंगानगर में 9.9 डिग्री, नागौर में 8.2 डिग्री, जालौर में 9.8 डिग्री, करोली में 10.0 डिग्री, दौसा में 8.4 डिग्री और झुंझुनूं में 10.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
PC: livehindustan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें