इंटरनेट डेस्क। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते राजस्थान के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली हुई है। राजधानी जयपुर में आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। कई जगहों हल्की बारिश भी हो रही है। इससे पहले रविवार को प्रदेश के पश्चिमी हिस्से जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर सहित कई जिलों में जमकर बारिश हुई है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग की ओर से आज सुबह श्रीगंगानगर,हनुमानगढ़, झुंझुनू, चुरू, सीकर, नगौर और आसपास के जिलों में भी मेघरगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को सबसे अधिक बारिश जैसलमेर में 13.1 मिलीमीटर दर्ज की गई। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच है। यह तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री तक कम है। सर्वाधिक तापमान पाली में 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान अलवर में 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
प्रमुख जिलों में इतना रिकॉर्ड हुआ तापमान
मौसम के अनुसार, रविवार को राजधानी जयपुर में 28.6 डिग्री, अजमेर में 30.2 डिग्री, और अलवर में 27.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं पिलानी में 29.5 डिग्री, सीकर में 28.5 डिग्री, कोटा में 30.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 32.6 डिग्री, जोधपुर में 32.4 डिग्री, बीकानेर में 31.6 डिग्री, चूरू में 31.4 डिग्री और श्रीगंगानगर में 30.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 25 और 26 मार्च को भी प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो सकती है।
PC: skymetweather
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें