इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में सर्दी का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। उत्तरी बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश में लगातार तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। इसी के प्रभाव से कई जिलों में रात का तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। इससे ठिठुरन भी बढ़ गई है। वहीं कोहरे का प्रभाव भी बढ़ रहा है। गत दो हफ्तों से सीकर में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड हुआ है। पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर 15 साल का सर्दी का रिकॉर्ड टूट चुका है। 15 साल में पहली बार नवंबर में ही पारा शून्य पर पहुंच गया है। यहां पर तीन दिनों से न्यूनतम तापमान लगातार जमाव बिंदु (0°C) पर रिकॉर्ड हुआ है।
मौसम विभाग की ओर से मौसम को लेकर नया अलर्ट जारी किया गया है। हवा के पैटर्न में बदलाव के कारण आज से चार दिन तक राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में तेज ठंडी हवाएं चलने और रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में आज से आगामी चार दिन कड़ाके की सर्दी का असर रहने की संभावना है। रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद फिर से मौसम का मिजाज शुष्क रहने की संभावना है।
सीकर में 8.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ तापमान
मौसम विभाग की ओर से रविवार को सर्वाधिक तापमान बाड़मेर में 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को राजधानी जयपुर में 13.3 डिग्री, पिलानी में 10.2 डिग्री, सीकर में 8.5 डिग्री, कोटा में 12.4 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 11.6 डिग्री, बाड़मेर में 15.6 डिग्री और झुंझुनूं में 10.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
PC: aajtak
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें