जयपुर। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बुधवार को विधानसभा में अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के साथ विधानसभा समितियों के सभापतियों की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए।
इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है। उन्होंने बुधवार को एक्स के माध्यम से कहा कि आज राजस्थान विधानसभा में अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के साथ विधानसभा समितियों के सभापतियों की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होकर समितियों को अधिक प्रभावी, सक्रिय और जवाबदेह बनाने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक में समितियों की बैठकें नियमित करने, उन्हें अधिक सक्रिय बनाने, परीक्षणों की संख्या बढ़ाने, जिलों में जाकर प्रत्यक्ष समीक्षा करने, परीक्षण कार्यों को समयबद्ध करने तथा सदस्यों की भागीदारी बढ़ाने जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। साथ ही प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में विधान सभा की समितियों के सभापतिगण कालीचरण सराफ, राजेन्द्र पारीक, नरेन्द्र बुडानिया, अर्जुन लाल जीनगर, कल्पना देवी, रमेश खींची, फूल सिंह मीणा, हरि सिंह रावत, केसाराम चौधरी, कैलाश वर्मा एवं जितेन्द्र गोठवाल मौजूद रहे।
PC: X
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें