जयपुर। राजस्थान में सोलहवीं विधान सभा का तृतीय सत्र आज से शुरू होने जा रहा है। आज प्रात: 11 बजे राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के अभिभाषण से इस सत्र का शुभारम्भ होगा। राज्यपाल के विधान सभा पहुंचने पर विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल उनका पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत करेंगे। राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया जाएगा और वे सलामी गारद का निरीक्षण भी करेंगे। राज्यपाल को प्रोसेशन के साथ अभिभाषण के लिए सदन में ले जाया जाएगा।
राज्यपाल के अभिभाषण पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अभिभाषण के दौरान किसी तरह का हंगामा नहीं होगा, लेकिन सरकार के जन विरोधी फैसले और पिछली सरकार की योजनाओं को बंद करने के निर्णय का विरोध किया जाएगा।
इससे पहले राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विधान सभा में आज प्रारंभ होने जा रहे तृतीय सत्र की तैयारियों का गुरुवार को जायजा लिया। देवनानी ने विधान सभा सदन, राज्यपाल के अगवानी स्थल, चिकित्सा व्यवस्था, कैंटीन सहित विभिन्न कक्षों को देखा और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
देवनानी ने किया बैंकिग फ्रॉडस से बचने के लिए आवश्यक जानकारियों के फोल्डर का अनावरण
विधान सभा अध्यक्ष देवनानी ने विधान सभा परिसर में मीडिया के छायाकारों के लिए की गई व्यवस्था का भी अवलोकन किया। देवनानी ने मीडिया के लिए किए गए प्रबंधन को देखा और उनके लिए बेहतर व्यवस्था बनाने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। वहीं देवनानी ने विधान सभा में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की विधान सभा शाखा द्वारा बैंकिग फ्रॉडस से बचने के लिए आवश्यक जानकारियों के फोल्डर का अनावरण किया।
PC: awazrajasthanki
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें