जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को राज्य सरकार के 2 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर सीकर और झुंझुनूं के लोगों को बड़ी सौगात दी है। सीएम भजनलाल ने सीकर में 155 करोड़ व झुंझुनूं में 384 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। सीएम ने सीकर जिले के लिए 155 करोड़ रुपए से अधिक राशि के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

इनमें भगेगा-नीमकाथाना रेलवे स्टेशनों के मध्य आरओबी और सबलपुरा स्टैंड से भढ़ाढ़र तिराहे तक फोर-लेन सड़क के शिलान्यास आदि किए गए हैं। वहीं विभिन्न सड़कों के चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण सहित कई कार्यों का लोकार्पण भी किया गया है। झुंझुनूं जिले के लिए 384 करोड़ रुपए से अधिक राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इसमें चिड़ावा में उप जिला चिकित्सालय एवं नवलगढ़ के सौंदर्यीकरण कार्यों सहित अन्य कार्यों के शिलान्यास शामिल हैं। वहीं, आरडीएसएस योजना के तहत 191 करोड़ रुपए से अधिक राशि के विकास कार्यों सहित विभिन्न कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिला प्रशासन द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत लाभार्थियों को स्कूटी वितरित की।

662 ऐतिहासिक हवेलियों को संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए चिन्हित किया
सीएम भजनलाल ने इस दौरान कहा कि शेखावाटी की हवेलियां हमारी अद्वितीय धरोहर हैं और इनके संरक्षण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। झुंझुनूं, सीकर और चूरू की 662 ऐतिहासिक हवेलियों को संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए चिन्हित किया गया है, जिन्हें पर्यटन हब के रूप में विकसित कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इनके संरक्षण और विकास के लिए एक कानून भी लाया जाएगा।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें