जयपुर। भजनलाल सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया रहा है। इसी के तहत अब कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में रोजगार महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस श्रृंखला के तहत प्रथम कार्यक्रम 25 दिसम्बर को वाणिज्य महाविद्यालय, जे.एल.एन. मार्ग, जयपुर के परिसर में आयोजित किया जाएगा।
आयुक्त, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता ऋषभ मंडल ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि रोजगार महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अधिकतम अवसर उपलब्ध कराना है।
विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित लगभग 70 निजी नियोजक भाग लेंगे
आयुक्त, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता ऋषभ मंडल ने बताया कि उक्त रोजगार महोत्सव में निर्माण, लॉजिस्टिक, होटल, बैंकिंग, मेडिकल, सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मा, सिक्योरिटी, ई-कॉमर्स, कॉल सेंटर, बीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित लगभग 70 निजी नियोजक भाग लेंगे। नियोजक अपनी रिक्तियों के अनुसार मौके पर ही युवा आशार्थियों का प्राथमिक चयन कर लाभान्वित करेंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी विभाग भी रोजगार महोत्सव में सहभागिता कर अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे, जिससे आशार्थी योजनाओं का भी लाभ उठा सकें।
रोजगार महोत्सव में इन अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध
इस रोजगार महोत्सव में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, आईटीआई, नर्सिंग, पॉलिटेक्निक सहित सभी योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध हैं। सभी योग्य आशार्थियों से आग्रह है कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ पंजीकरण कर रोजगार महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसका लाभ उठाएं।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें