20 फीसदी बड़ा होगा ज्वैलरी शो "जस"
- ज्वैलर्स एसोसिएशन के ज्वैलरी शो-जस की शुरुआत 4 जुलाई को
- जस शो में पहली बार लगेंगे 310 बूथ
- तीन दिवसीय ज्वैलरी शो में 18 नए ब्रांड जुड़े
- इंडो थाई ट्रेड चेंबर से होगा शो में करार
- उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और टाइटन के सीईओ सी. के. वेंकटरमन करेंगे उद्घाटन
- विमल कोठारी -
जयपुर। जयपुर के जौहरियों के सबसे बड़े संगठन, जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के ज्वैलरी शो "जस" की शुरुआत आगामी 4 जुलाई को होने जा रही है। करीब 7 हजार सदस्यों वाली जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के 19वीं बार हो रहे ज्वैलरी शो जस में यह पहला मौका होगा, जिसमें 200 कंपनियां 310 बूथ के माध्यम से अपने रत्नों व आभूषणों का प्रदर्शन करेगी। बी-2-बी आधार पर होने वाले जस-25 में इस बार ज्वैलरी कारोबार से जुड़े कॉरपोरेट समूहों ने भी खासी रुचि दिखाई है। ज्वैलर्स एसोसिएशन से जुड़े ज्वैलर्स को एसोसिएशन के ज्वैलरी शो का खासा इंतजार रहता है। जस-25 में इस बार न केवल पिछले साल की तुलना में अधिक कारोबार की उम्मीद है, बल्कि इस शो में पहली बार बैंकांक व दुबई के ज्वैलर्स डेलिगेट्स के रूप में हिस्सा लेने आने को सहमत हुए हैं। खास बात यह भी रहेगी कि इस शो में ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर इंडो थाई ट्रेड चेंबर के साथ एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर भी करेंगी, जिसमें दोनों देशों के ज्वैलर्स एक दूसरे के ट्रेड को बढ़ावा देने के संयुक्त प्रयास करेंगे। जस-25 के आयोजन के माध्यम से ज्वैलरी कारोबार में विस्तार के साथ ही अब पर्यटकों को आकर्षित करने का प्रयास भी होगा। राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के वार्षिक कैलेंडर में ज्वैलरी शो जस को भी अब स्थान मिल चुका है, जिससे जयपुर आने वाले पर्यटकों के लिए जस का आयोजन एक आकर्षण का केन्द्र बनेगा।
ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक सौंखिया और मंत्री नीरज लूणावत ने बताया कि तीन दिवसीय जस-25 की शुरुआत 4 जुलाई को सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित नोवाटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर पर सुबह 10 बजे होगी। शो का विधिवत उद्घाटन राज्य की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और टाइटन के सीईओ सी. के. वेंकटरमन करेंगे। ज्वैलरी शो "जस" की शुरुआत वर्ष 2007 में बिड़ला सभागार से हुई थी। बी-2-सी आधार पर शुरू हुए जस का स्वरूप कोरोना काल में बदल कर बी-2-बी को गया, जो ज्वैलर्स को भी पसंद आया और इस बार छठे बी-2-बी शो का आयोजन किया जा रहा है। शो में पहली बार फिल्म अभिनेत्री शहनाज पद्मसी, ब्रांड एम्बेसडर के रूप में जुड़ी है। अभिनेत्री शहनाज पद्मसी ने आज जयपुर में जस के पोस्टर का विमोचन भी किया।
ज्वैलरी शो "जस" के संयोजक अशोक माहेश्वरी और सह संयोजक राजू मंगोडी वाला ने बताया कि जस का आयोजन कनेक्ट टू सोर्स थीम पर किया जा रहा है, उद्देश्य यह है कि रिटेलर्स सीधे ज्वैलर्स के सम्पर्क में आए। शो में इस बार 200 प्रतिभागी 310 बूथ लगा रहे हैं, जबकि पिछले साल 169 ज्वैलर्स ने 275 बूथ लगाई थी। अर्थात इस साल जस में करीब 20 फीसदी की वृद्धि हुई है। बिजनेस टू बिजनेस आधार पर आयोजित हो रहे जस में केवल ज्वैलर्स को ही प्रवेश की अनुमति होगी। इसके लिए पंजीयन की शुरुआत हो चुकी है। जस के प्रति ज्वैलर्स के आकर्षण का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि अब तक देश भर से 1250 ज्वैलर्स अपना ऑनलाइन पंजीयन करा चुके हैं और रोज यह संख्या निरंतर बढ़ रही है। पहली बार जस शो में देश के प्रमुख कॉर्पोरेट समूह के प्रतिनिधियों के पहुंचने की भी आशा है। इससे ज्वैलर्स के कारोबार में बढ़ोतरी को मदद मिलेगी।
जस के सह संयोजक नरेश अगरोया ने बताया कि शो में 17वीं बार आयोजित किए जा रहे ज्वैलरी एमिनेंस अवार्ड-जेईए में लाइफ टाइम अचिवमेंट अवार्ड के लिए ज्वैलर विनय चंद लोढ़ा का नाम चयनित किया गया है। उन्हें रत्न व आभूषण क्षेत्र में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। अवार्ड नाइट के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को विशेष आमंत्रित किया गया है, और उनके आगमन की सहमति भी मिल चुकी है। फिल्म अभिनेत्री शहनाज पद्मसी भी अवार्ड नाइट में मौजूद रहेंगी। जेईए की थीम इस साल महाराजाओं व महारानियों की भव्यता को समर्पित "रॉयल डी आर्ट" रखी गई है। इस साल JEA में देश भर से आई 605 प्रविष्टियों में से 17 श्रेणियों के विजेताओं का चयन होगा। पिछले साल की तुलना में 68 फीसदी प्रविष्टियां बढ़ने के कारण इस साल मुकाबला भी पिछले साल की तुलना में काफी कड़ा हुआ है।
ज्वैलर्स एसोसिएशन के ज्वैलरी शो "जस" में जयपुर में स्थापित होने वाले जैम बुर्स का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष निर्मल बरड़िया ने बताया कि ज्वैलर्स का जैम बुर्स का वर्षों पुराना सपना जल्द ही पूरा होगा। रत्न व आभूषण निर्यात संवर्धन-GJEPC और ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर की स्पेशल परपज व्हीकल कम्पनी, जयपुर जैम एंड ज्वैलरी बूर्स ने रीको में राज्य सरकार से सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में आवंटित 44 हजार वर्ग मीटर जमीन का कब्जा प्राप्त कर लिया है। यहां 30 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में निर्माण की योजना है। जल्द ही निर्माण की शुरुआत भी होगी। उल्लेखनीय है कि जयपुर जैम एंड ज्वैलरी बूर्स ने राइजिंग राजस्थान में 10 हजार करोड़ के निवेश का एक करार भी किया है, जो इस बात का प्रमाण है कि जयपुर के रत्न व आभूषण कारोबार में जैम बुर्स का महत्व क्या रहने वाला है।
अलग से बॉक्स
इनका होगा ज्वैलरी एमिनेंस अवार्ड में सम्मान :
विजय चंद लोढ़ा- वीसीएल समूह के संस्थापक - लाइफ टाइम अचिवमेंट अवार्ड
धर्मेन्द्र भल्ला - आर्टीजन श्रेणी में
रिंकू कुमावत - आर्टीजन श्रेणी में