जयपुर। राजधानी जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में आज हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ती जा रही है। ये संख्या बढ़कर अब 13 होने की खबर आई है। खबरों के अनुसार, आज हरमाडा स्थित लोहामंडी रोड पर अनियंत्रित डंपर ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी थी।

हादसा इतना भीषण था कि कई मृतक के शरीर टुकड़ों में बंट गए। इस सड़क हादसे में दस लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। छह गंभीर घायलों को सवाई मानसिंह अस्तपाल में भर्ती करवाया गया है। इस हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने दुख प्रकट किया है।

सीएम भजनलाल ने एक्स के माध्यम से कहा कि जयपुर के हरमाड़ा स्थित लोहामंडी क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने परम धाम में स्थान दें व शोकाकुल परिवारजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने एक्स के माध्यम से कहा कि जयपुर के हरमाड़ा में एक भीषण सड़क हादसे में बड़ी जनहानि का समाचार सुनकर बेहद दुख हुआ है। मैं इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतजनों की आत्मा को शांति एवं परिजनों को संबल एवं धैर्य प्रदान करें। इस हादसे में घायल हुए सभी लोगों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
PC: firstindianews, patrika, dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें