खेल डेस्क। ईशान किशन (101 रन) और कुमार कुशाग्र (81 रन) की शानदार पारियों के बाद गेंदबाजों की सधी गेंदबाजी के दम पर झारखंड ने गुरुवार को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में हरियाणा 69 रनों से शिकस्त देकर पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 पर कब्जा किया। झारखंड की टीम ने 20 ओवर्स खत्म होने पर सिर्फ तीन विकेट के नुकसान पर 262 रनों का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में हरियाणा पारी 18.2 ओवर्स में केवल 193 रन बनाकर सिमट गई। झारखंड के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने अपनी शतकीय पारी के दम पर अपने नाम एक रिकॉर्ड भी दर्ज करवा लिया है। वह अब भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में संजू सैमसन को पीछे छोड़ दिया है। ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में जैसे ही शतकीय पारी खेली तो ये उनकी बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज टी20 क्रिकेट में 5वीं शतकीय पारी थी। वहीं संजू सैमसन बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज टी20 क्रिकेट चार शतकीय पारियां खेल चुके हैं।
क्विंटन डी कॉक के नाम दर्ज है विश्व रिकॉर्ड
इस मामले में विश्व रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक के नाम दर्ज है। उन्होंने अपने टी20 कॅरियर में 7 शतक लगाए हैं। पाकिस्तान के कामरान अकमल भी 5 शतक लगा चुके हैँ। ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के कुल 10 मैचों में 57.44 के औसत से 517 रन बनाए हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा कुल 33 छक्के भी लगाए हैं।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें