खेल डेस्क। फिन एलन (नाबाद 100) की तूफानी शतकीय पारी के दम पर इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 51वें लीग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से शिकस्त दी। केकेआर की टीम को इस मैच में 143 रनों का टारगेट मिला था और उसे उन्होंने केवल दो विकेट के नुकसान पर 14.2 ओवर्स में हासिल कर लिया।

केकेआर की इस एकतरफा जीत के सबसे बड़े हीरो रहे न्यूजीलैंड के फिन एलन ने केवल 47 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया था, जिसमें उन्होंने 5 चौके के साथ 10 छक्के भी लगाए। इस पारी के दम पर फिन एलन ने एक ऐसी उपलब्धि भी हासिल कर ली है जो अब तक न्यूजीलैंड का कोई भी खिलाड़ी टी20 क्रिकेट में करने में कामयाब नहीं हो सका था। वह अब कीवी टीम की ओर से पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जो टी20 क्रिकेट में एक साल में तीन शतकीय पारियां खेलने में कामयाब हो सके हैं।

कीवी टीम का ये स्टार बल्लेबाज इस साल की शुरुआत में पर्थ स्कॉर्चर्स की तरफ से खेलते हुए शतकीय पारी खेल चुका है। वहीं उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में भी शतकीय पारी खेली थी। अब दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लगाया गया शतक उनका इस साल टी20 में अपनी तीसरी सेंचुरी लगाई है।
केकेआर की ओर से लगाया सबसे तेज शतक
फिन एलन ने अपनी इस शतकीय पारी के दम पर सुनील नरेन का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। वह आईपीएल में केकेआर की तरफ से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सुनील नरेन ने इससे पहले साल 2024 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में 49 गेंदों में शतक लगाया था।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें