खेल डेस्क। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (103 ) की तूफानी शतकीय पारी के दम पर पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने मंगलवार को आईपीएल 2025 में पांच बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 18 रन से शिकस्त दी।

प्रियांश आर्य की 42 गेंदों में 7 चौकों और 9 छक्कों के साथ खेली गई 103 रनों की पारी के दम पर पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने चेन्नई के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में छह विकेट गंवाकर 219 रन बनाए। जवाब में सीएसके निर्धारित ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर केवल 201 रन ही बना सकी। इस पारी के दम पर 24 वर्षीय प्रियांश ने अपने नाम एक रिकॉर्ड दर्ज करवा लिया है।

उन्होंने अपनी पारी में केवल 39 गेंदों में शतक पूरा कर नया इतिहास रच डाला। वह आईपीएल में सबसे तेज शतक वाले अनकैप्ड प्लेयर (जिसने इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया) बन गए हैं। पंजाब के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य इसके साथ ही आईपीएल में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय क्रिकेटर भी बन गए हैं। भारत के पूर्व ऑलराउंडर यूसुफ पठान ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल 2010 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 37 गेंदों में शतक लगाया था।
क्रिस गेल के नाम दर्ज है सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड
वहीं ओवरऑल लिस्ट में संयुक्त रूप से प्रियांश आर्य चौथे पायदान पर आ गए हैं। इस मामले में उन्होंने विल जैक्स और एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया है। इंडियन प्रीमियर लीग इतिहास में सबसे तेज शतक ठोकने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज है। गेल ने आरसीबी की ओर से साल 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंदों में शतक लगाकर इतिहास रचा था।
PC:espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें