जयपुर। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने बच्चों, छात्राओं और महिलाओं के बजट को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधा है। उन्होंने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से पूछना चाहता हूं कि बजट जारी, खर्च शून्य! आखिर भाजपा सरकार की प्राथमिकता क्या है? राजकोष से बच्चों, बालिकाओं, छात्राओं और महिलाओं के लिए हजारों करोड़ रुपए का बजट जारी हुआ, लेकिन समाचार पत्र की इस रिपोर्ट ने सरकारी दावों की पोल खोल दी है।
बेनीवाल ने कहा कि बच्चों के लिए संचालित 37 योजनाओं में से 21 योजनाओं में दो साल में एक रुपया भी खर्च नहीं हुआ। वहीं कॉलेज छात्राओं और महिलाओं के लिए संचालित 9 योजनाओं में भी करोड़ों रुपए का बजट जारी होने के बावजूद खर्च शून्य रहा।
एक ओर सरकार बजट के बड़े-बड़े आंकड़े दिखाकर वाहवाही लूट रही है, दूसरी ओर धरातल पर योजनाओं का पैसा खर्च तक नहीं हो रहा। मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इन योजनाओं में राशि खर्च क्यों नहीं हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है?
PC: ichowk
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें