राजधानी दिल्ली में आसमान से आग की बारिश शुरू हो गई है. इससे तापमान का सितम और बढ़ गया है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।
जबकि, नजफगढ़ में सबसे अधिक 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। गाजियाबाद में पारा 41, नोएडा में 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 24 मई से तीन से चार दिनों तक हल्की बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और छिटपुट स्थानों पर भीषण लू चलने का अनुमान जताया है। विभाग ने दिन के दौरान 25-35 किमी प्रति घंटे की गति से तेज सतही हवाओं की भी भविष्यवाणी की है।
आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 43 और 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नजफगढ़ और नरेला में पारा 45 के पार चला गया
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को नजफगढ़ में 46.3 डिग्री सेल्सियस, नरेला और पीतमपुरा वेधशालाओं में 45 डिग्री सेल्सियस, आयानगर और 'रिज' क्षेत्र में 44 डिग्री सेल्सियस और पालम में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो मौसम के औसत से तीन डिग्री अधिक है।
चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के कारण रविवार दोपहर सड़कों पर बहुत कम ट्रैफिक था और आमतौर पर भारी भीड़ वाली सड़कों पर भी एक भयानक सन्नाटा पसरा हुआ था।
लाजपत नगर की रहने वाली वर्षा पिल्लई ने कहा, “मुझे बाजार जाना था, लेकिन बाहर की गर्मी असहनीय थी, इसलिए मैं नहीं गई. तापमान इतना बढ़ गया है कि एयर कंडीशनिंग से भी राहत नहीं मिल रही है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 24 मई से गर्मी से राहत दिला सकता है। तीन से चार दिनों तक हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा कि रात का तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को सापेक्ष आर्द्रता का स्तर 25 प्रतिशत से 74 प्रतिशत के बीच रहा।
(pc rightsofemployees)