खेल डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज डेविड वार्नर का अभी भी क्रिकेट के मैदान में जलवा देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके डेविड वार्नर का अब फे्रंचाइजी क्रिकेट में बल्ला आग उगल रहा है। बाएं हाथ के इस क्रिकेटर ने अब एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने अब टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है।
वार्नर ने द हंड्रेड लीग में ये बड़ी उपलब्धि मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के खिलाफ लंदन स्प्रिट्स के लिए खेलते हुए हासिल की। ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व सलामी बल्लेबाज ने मैच में 51 गेंदों पर 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 71 रन की पारी खेली। हालांकि उनकी इस पारी के बावजूद लंदन स्प्रिट्स की टीम 164 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई। डेविड वार्नर के अब 419 टी20 मैचों में 13545 रन हो गए हैं। उन्होंने अपने टी20 कॅरियर में आठ शतक और 113 अर्धशतक लगाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 135 रन है। डेविड वार्नर द हंड्रेड सीजन के तीन मैचों में 150 रन बना चुके हैं।
क्रिस गेल के नाम दर्ज है रिकॉर्ड
टी20 में सर्वाधिक रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 463 मैचों में 14562 रन बनाए हैं। इस तूफानी बल्लेबाज ने टी20 में जिसमें 22 शतक और 88 अर्धशतक लगाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 175 रन है।
विराट कोहली ने बनाए हैं इतने रन
भारत के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली 414 मैचों में 41.92 के औसत और 134.67 के स्ट्राइक रेट से 13543 रन बना चुके हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय को अलविदा कह चुके विराट कोहली ने नौ शतक और 105 अर्धशतक लगाए हैं। टी20 में उनका वेस्ट स्कोर नाबाद 122 रन है।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें