Rajasthan: जल्द ही शुरू होगी सफाई कर्मियों के 24 हजार 797 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया, मंत्री ने विधानसभा में बोल दी है ये बात

Samachar Jagat | Saturday, 13 Jul 2024 09:20:37 AM
Rajasthan: Recruitment process for 24 thousand 797 posts of sanitation workers will start soon, the minister has said this in the assembly

जयपुर। राजस्थान में जल्द ही सफाई कर्मियों के 24,797 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को इस बात की विधानसभा में जानकारी दी है।

स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने आश्वस्त किया कि सफाई कर्मियों की नियुक्ति के लिए निर्धारित नियमों के संबंध में दायर याचिकाओं के संबंध में उच्च न्यायालय के फैसले के परीक्षण के बाद शीघ्र ही भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। 

9 लाख 20 हजार 442 आवेदन हुए हैं प्राप्त 
झाबर सिंह खर्रा ने बताया कि 24 हजार 797 सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए 01 मार्च 2024 को विज्ञप्ति जारी की गई थी, जिसके लिए कुल 9 लाख 20 हजार 442 आवेदन प्राप्त हुए हैं। नियुक्ति के लिए निर्धारित नियमों के विरुद्ध उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर होने के कारण भर्ती प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा सका था।

सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए समय-समय पर किया गया नियमों को संशोधित 
स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बताया कि प्रदेश में सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए समय-समय पर नियमों को संशोधित किया गया है। सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए 2012 में नियम बने थे, जिसमें नगर निकायों के 2 साल के अनुभव की योग्यता रखी गई थी। इसके बाद 11 अप्रैल 2018 को पुन: संशोधन कर 2 साल के स्थान पर एक वर्ष अनुभव कर दिया गया तथा 2 बच्चों का प्रावधान जोड़ा गया। मूल नियमों में परीक्षा तथा साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती का प्रावधान था। तत्पश्चात 23 जनवरी 2023 को लॉटरी के माध्यम से भर्ती का प्रावधान किया गया। उसके बाद 8 जून 2023 को प्रायोगिक परीक्षा का प्रावधान भी जोड़ा गया।

PC: nansa
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.