IPL 2025: टी20 क्रिकेट में अब निकोलस पूरन ने हासिल की ये बड़ी उपलब्धि, अभी तक चार क्रिकेटर ही कर सके हैं ऐसा

Hanuman | Tuesday, 25 Mar 2025 11:41:08 AM
IPL 2025: Now Nicholas Pooran has achieved this big achievement in T20 cricket

खेल डेस्क। भले ही लखनऊ सुपर जाएंट्स को इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के  खिलाफ चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस मैच में टीम के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन ने अपनी तूफानी पारी से दर्शकों को दिल जीता।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में निकोलस पूरन ने केवल 30 गेंदों पर छह चौकों और सात छक्कों की मदद से 75 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान पूरन ने टी20 क्रिकेट में 600 छक्के  पूरे किए। उन्होंने मैच में तीसरा छक्का लगाकर ये उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही वह टी20 क्रिकेट में 600 छक्के पूरे करने वाले  दुनिया के मात्र चौथे खिलाड़ी बने हैं। निकोलस पूरन ने 359वीं पारी में 600 छक्कों का आंकड़ा पार किया है। इससे पहले वेस्टइंडीज के तीन खिलाड़ी ही ये उपलब्ध हासिल कर चुके हैं। 

क्रिस गेल ने लगाए हैं सर्वाधिक 1056 छक्के
यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके नाम  टी20 क्रिकेट में1000 से ज्यादा छक्के दर्ज हैं। पूर्व तूफानी बल्लेबाज क्रिस गेल ने अपने टी-20 कॅरियर की 455 पारियों में 1056 छक्के लगाए थे।  कीरोन पोलार्ड टी20 में अभी तक 908 छक्के लगा चुके हैं। वहीं आंद्रे रसेल 733 छक्कों के साथ उनके पीछे हैं। इंग्लैंड के ऐलेक्स हेल्स  552 छक्के लगा चुके हैं।  आपको बता दें कि सोमवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने पहले खेलते हुए निर्धारित ओवरों में आठ विकेट गंवाकर 209 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने आशुतोष शर्मा की 66 रन की तूफानी पारी के दम पर लक्ष्य केवल 19.3 ओवरों में नौ विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। 

PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2025 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.