Rajasthan: भजनलाल शर्मा और अशोक गहलोत ने इस बात पर प्रकट किया दुख

Samachar Jagat | Thursday, 10 Oct 2024 09:01:06 AM
Rajasthan: Bhajanlal Sharma and Ashok Gehlot expressed grief over this matter

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भारत के प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी रतन टाटा के निधन पर दुख प्रकट किया है। 

सीएम भजनलाल शर्मा ने इस संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात कही है। उन्होंने ट्वीट किया कि भारत के प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी रतन टाटा का निधन अत्यंत दुखद है। टाटा का योगदान केवल व्यावसायिक क्षेत्र तक ही सीमित नहीं था। उन्होंने समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में भी अपना अमूल्य योगदान दिया। उनके नेतृत्व में टाटा समूह ने न केवल वैश्विक स्तर पर भारत का नाम रोशन किया, बल्कि देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान व शोकाकुल परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

उद्योगपति रतन टाटा का निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति : अशोक गहलोत
वहीं पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट किया कि उद्योगपति रतन टाटा का निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। रतन टाटा ने अपने कारोबार में हमेशा भारत देश को प्राथमिकता देकर हम सबको गर्व करने के बहुत से मौके दिए। वो अपने परोपकारी कार्यों के लिए भी प्रसिद्ध थे। ऐसे प्रेरणादायक व्यक्तित्व को मैं अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

रतन टाटा के देवलोकागमन की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ: मदन राठौड़
वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने रतन टाटा के निधन पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा के देवलोकागमन की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ। उन्होंने अपने जीवन को औद्योगिक प्रगति और सामाजिक विकास के लिए समर्पित किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। विनम्र श्रद्धांजलि।

PC: bhaskar 

अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.