- SHARE
-
जयपुर। राजस्थान की भजनलाल सरकार ने अब प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत दी है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने अब प्रदेश में मूंगफली खरीद की अवधि को 28 फरवरी तक बढ़ा कर किसानों को बड़ी राहत दी है। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने इस बात की जानकारी दी है।
गौतम कुमार दक ने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय को पत्र लिखकर खरीद अवधि बढ़ाने का आग्रह किया था। भारत सरकार से प्राप्त स्वीकृति के अनुसार पूर्व में पंजीकरण करवा चुके किसान उक्त बढ़ी हुई अवधि में अपनी जिन्स का विक्रय कर सकेंगे। इसके अंतर्गत नए पंजीकरण नहीं होंगे।
सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त पात्र किसानों से नियमानुसार तुलाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे मूंगफली विक्रय के इच्छुक किसान तुलाई से वंचित नहीं रहे। साथ ही, किसानों को तुलाई केन्द्रों पर कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए भी सभी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है।
पूर्व में मूंगफली खरीद की अवधि 15 फरवरी तक निर्धारित थी
उन्होंने बताया कि पूर्व में मूंगफली खरीद की अवधि 15 फरवरी तक निर्धारित थी। किसानों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के लिए भारत सरकार से खरीद अवधि बढ़ाने का आग्रह किया गया था। दक ने बताया कि मूंगफली विक्रय के लिए 1 लाख 33 हजार 296 किसानों ने अपना पंजीकरण करवाया है, जिनमें से अब तक 85 हजार 506 किसानों से खरीद की गई है। उन्होंने बताया कि अब तक किसानों से 2058 करोड़ रुपए कीमत की 3.03 लाख मीट्रिक टन से अधिक मूंगफली की खरीद की जा चुकी है।
PC: dipr.rajasthan, zeenews.india, mukhpatra
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें