- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब बीकानेर संभाग के किसानों की आवाज को प्रदेश की भजनलाल सरकार के सामने उठाया है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स के माध्यम से सीएम भजनलाल से अविलंब इस स्थिति का संज्ञान लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री से वार्ता कर किसानों को सिंचाई जल उपलब्ध करवाने की मांग की है।
उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि इन्दिरा गांधी नहर से सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की आपूर्ति न होने के कारण पूरे बीकानेर संभाग के किसानों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। समय से पहले सिंचाई जल की आपूर्ति रोकने से फसलें जलने लगी हैं, जिससे किसान आक्रोशित हैं। राज्य सरकार न 6 घंटे कृषि बिजली उपलब्ध करवा पा रही है और न ही नहर से जल आपूर्ति कर पा रही है।
हमारे कार्यकाल में हमने पंजाब के मुख्यमंत्रियों से सामंजस्य रखा एवं किसानों को आवश्यकता के अनुरूप जल आपूर्ति की इसलिए कभी ऐसी स्थिति नहीं बनी। वर्तमान में इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद राज्य सरकार का इस विषय पर ध्यान ही नहीं है।
किसानों को सिंचाई जल उपलब्ध करवाना चाहिए
राज्य सरकार को ध्यान रखना चाहिए कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में पानी की मांग को लेकर आंदोलित किसानों पर घड़साना-रावला में फायरिंग कर दी गई थी जिसमें कई किसानों की जान चली गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को अविलंब इस स्थिति का संज्ञान लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री से वार्ता कर किसानों को सिंचाई जल उपलब्ध करवाना चाहिए।
PC: ndtv
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें