महाराष्ट्र चुनाव: कांग्रेस-शरद पवार और उद्धव समूह ने 33 सीटों पर रोका फैसला, हो सकता है समझौता

Trainee | Thursday, 24 Oct 2024 04:01:55 PM
Maharashtra elections: Congress-Sharad Pawar and Uddhav group put decision on hold on 33 seats, agreement may be reached between the three

महाराष्ट्र चुनाव: महाविकास अघाड़ी में सीट बंटवारे का फार्मूला बुधवार को तय हो गया है। कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव गुट) और एनसीपी (शरद पवार गुट) के बीच 85-85-85 सीटों का फार्मूला फाइनल किया गया है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि हम समाजवादी पार्टी समेत अन्य सहयोगी दलों से भी बात करेंगे। आज रात तक बैठकों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। शिवसेना (उद्धव गुट) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपने 65 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची के आने के बाद महाविकास अघाड़ी (एमवीए) ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें नाना पटोले ने कहा कि कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव गुट) और एनसीपी (शरद पवार गुट) के बीच शरद पवार की अगुवाई में बैठक हुई थी। इसमें 85-85-85 सीटों का फार्मूला तय हुआ। बाकी 18 सीटों पर हम अन्य सहयोगी दलों के लिए विचार करेंगे। हम यह चुनाव जीतेंगे और महाराष्ट्र में सरकार बनाएंगे।

महाराष्ट्र में कुल 288 विधानसभा सीटें हैं। महाविकास अघाड़ी के तय फार्मूले के अनुसार, तीन दलों के बीच 255 सीटों पर बातचीत हो चुकी है। 33 सीटों पर अभी भी फैसला होना बाकी है। नाना पटोले के मुताबिक, महाविकास अघाड़ी 18 सीटें अन्य सहयोगियों को देने पर विचार कर रही है। नाना पटोले ने कहा कि हम समाजवादी पार्टी सहित अपने अन्य सहयोगी दलों से भी बातचीत करेंगे और सब कुछ जल्द ही स्पष्ट हो जाएगा।

महाविकास अघाड़ी के गणित पर अनिल देसाई का बयान
शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने कहा कि 85-85-85 फार्मूले के तहत 270 सीटों का बंटवारा हो चुका है। इस पर TV9 ने सांसद अनिल देसाई से पूछा कि इस फार्मूले के अनुसार 255 सीटें बनती हैं, तो क्या 33 सीटों पर अभी विवाद जारी है? इस पर उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई विवाद नहीं है।

आदित्य ठाकरे को वर्ली से टिकट
शिवसेना (उद्धव गुट) ने विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इसमें पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे को वर्ली विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। वहीं, वरुण सरदेसाई को बांद्रा (पूर्व) सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। शिवसेना (उद्धव गुट) ने 2022 में पार्टी में विभाजन के बाद उद्धव के साथ खड़े अधिकांश विधायकों को फिर से टिकट दिया है।

शिंदे के खिलाफ केदार दिघे को टिकट
उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना ने ठाणे की कोपरी-पांचपखाड़ी सीट से केदार दिघे को मैदान में उतारा है, जहां से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे चुनाव लड़ रहे हैं। केदार दिघे, एकनाथ शिंदे के राजनीतिक गुरु कहे जाने वाले आनंद दिघे के रिश्तेदार हैं। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 23 नवंबर को की जाएगी।



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.