कैलेंडर वर्ष में पहली बार 1000 के करीब विराट

Samachar Jagat | Tuesday, 22 Nov 2016 01:36:56 PM
Virat first time in nearly 1000 for the Calendar year

नई दिल्ली। जबर्दस्त फॉर्म में चल रहे भारतीय कप्तान विराट कोहली अपने करियर में पहली बार एक कैलेंडर वर्ष में 1000 रन पूरे करने के करीब पहुंच गए हैं। विराट ने इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में दूसरे टेस्ट में भारत की 246 रन की शानदार जीत में पहली पारी में 167 और दूसरी पारी में 81 रन बनाए। विराट इस प्रदर्शन की बदौलत मैन ऑफ द मैच भी बने।  विराट ने दूसरे टेस्ट में कुल 248 रन बनाये और वर्ष 2016 में उनके रनों की संख्या 897 पहुंच गई।

भारतीय टेस्ट कप्तान 2016 में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं और कैलेंडर वर्ष में 1000 रन पूरे करने से मात्र 103 रन दूर रह गए हैं। विराट यह उपलब्धि इंग्लैंड के खिलाफ मोहाली में 26 नवम्बर से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट में हासिल कर सकते हैं।

2016 में इस समय विराट से आगे इंग्लैंड के तीन खिलाड़ी हैं। इंग्लैंड के कप्तान एलेस्टेयर कुक ने 1108, जो रूट ने 1192 और जानी बेयरस्टो ने 1251 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के तीनों बल्लेबाज 14-14 मैच खेल चुके हैं जबकि विराट ने नौ मैच ही खेले हैं। विराट को अभी इस साल इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट और खेलने हैं।

अपने करिअॅर में 50 टेस्टों में 48.03 के औसत से 3891 रन बना चुके विराट के पास मोहाली में अपने 4000 रन पूरे करने का मौका भी रहेगा। विराट 50 टेस्टों में 14 शतक और 13 अद्र्धशतक ठोक चुके हैं।

विराट ने 2011 में पांच टेस्टों में 202 रन, 2012 में नौ टेस्टों में 689 रन, 2013 में आठ टेस्टों में 616 रन, 2014 में 10 टेस्टों में 847 रन, 2015 में नौ टेस्टों में 640 रन और 2016 में अब तक नौ टेस्टों में 897 रन बनाए हैं। कप्तान के रूप में विराट का प्रदर्शन लगातार निखरता जा रहा है। उन्होंने अपनी कप्तानी में 19 टेस्टों में 59.76 के औसत से 1793 रन और गैर-कप्तान के रूप में 31 टेस्टों में 41.13 के औसत से 2098 रन बनाए हैं।

विराट के लिए साल 2016 बेहतरीन रहा है और उन्होंने इस साल दो दोहरे शतक बनाये हैं। विराट ने जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ 200 और अक्टूबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 211 रन की पारी खेली थी। इस साल विराट के बल्ले से तीन शतक निकल चुके हैं।

एक कप्तान के रूप में एक टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में विराट पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर के बाद दूसरे नंबर पर हैं। गावस्कर ने दिसम्बर 1978 में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक मैच में कुल 289 रन और इस मैच से पहले एक अन्य मैच में कुल 278 रन बनाए थे। विराट ने आस्ट्रेलिया दौर में दिसम्बर 2014 में एक टेस्ट में कुल 256 रन और इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच में 248 रन बनाए।

विराट का विशाखापत्तनम के मैदान पर शानदार रिकॉर्ड रहा है। विराट ने विशाखापत्तनम के स्टेडियम में टेस्ट मैच में 167 और 81 के स्कोर बनाने के अलावा एकदिवसीय मैचों में 118, 117, 99 और 65 जैसी बेहतरीन पारियां खेली हैं। इस मैदान के लिए खुद विराट ने कहा, मुझे यह अपने लिए भाग्यशाली मैदान लगता है और इसे देखकर मुझे एडीलेड जैसा एहसास होता है। मेरे लिए यह हमेशा विशेष मैदान रहेगा।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.