दक्षिण अफ्रीका ने ली न्यूजीलैंड पर बढ़त, शतक से चूके डिकॉक और बावुमा

Samachar Jagat | Friday, 17 Mar 2017 12:39:29 PM
South Africa take lead on New Zealand, De Kock and Bavuma missed by century

वेलिंगटन। क्विंटन डिकॉक (91) और तेंबा बावुमा (89) के अर्धशतकों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट की अपनी पहली पारी में 81 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है।

इन दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों की मदद से मेहमान टीम ने खराब शुरुआत से उबरते हुए दूसरे दिन के खेल की समाप्ति पर 9 विकेट पर 349 रन बना लिए थे। अभी उसका एक विकेट शेष है। इससे पहले कीवी टीम ने अपनी पहली पारी में 268 रन बनाए थे। डिकॉक और बावुमा ने सातवें विकेट के लिए 190 रन की साझेदारी की।

हालांकि दोनों बल्लेबाज अपनी पारियों को शतक में नहीं बदल सके। डिकॉक ने अपनी 91 रन की पारी में केवल 118 गेंदों का सामना किया। जिसमें उन्होंने दस चौके और एक छक्का लगाया। वहीं बावुमा ने अपनी 89 रन की पारी में 160 गेंदों का सामना किया। इस पारी में उन्होंने नौ चौके लगाए। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजी के निचले क्रम में फिलेंडर (36) और मोर्नी मोर्केल (31) ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इससे पहले डिकॉक ने टिम साउथी की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा और फिर नील वेगनर की लगातार गेंदों पर भी चौके और छक्के के साथ 55 गेंदों में आठवां अर्धशतक पूरा किया। तेज गेंदबाज कोलिन डि ग्रैंडहोम ने लंच से पहले हाशिम अमला (21) और फाफ डु प्लेसिस (23) को पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी किया था।

दक्षिण अफ्रीका ने सुबह के सत्र में 80 रन पर चार विकेट गंवाए, जिससे लंच तक उसका स्कोर छह विकेट पर 104 रन था। बावुमा हालांकि पांच रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब वेगनर की बाउंसर को हवा में लहरा गए, लेकिन ग्रैंडहोम फिसल गए और इसे कैच नहीं कर सके। बावुमा ने वेगनर की बाउंसर पर दो रन के साथ 88 गेंद में अपना छठा अर्धशतक पूरा किया।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.