निशानेबाजी विश्व कप: भारतीयों ने किया निराश, पांचवें स्थान पर रहे संजीव 

Samachar Jagat | Sunday, 26 Feb 2017 05:58:40 PM
Shooting World Cup:  Indians did disappointed, fifth Place Sanjeev

नई दिल्ली। भारत को आईएसएसएफ विश्व कप में रविवार को निराशा हाथ लगी। कोई भी निशानेबाज भारत की झोली में पदक नहीं डाल सका। विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी और विश्व रिकॉर्ड धारक हीना सिद्धू तो फाइनल में भी जगह नहीं बना पाई।

अर्जुन पुरस्कार विजेता भारतीय निशानेबाज संजीव राजपूत ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में पांचवें स्थान पर रहकर निराश किया। जबकि महिलाओं की दस मीटर एयर पिस्टल में सातवें स्थान पर रही हरवीन सराओ भी भारत को कोई पदक नहीं दिला पाई।

दिन के दूसरे फाइनल में उतरे राजपूत 305. 5 के स्कोर के साथ प्रोन सीरीज समाप्त होने के बाद तीसरे स्थान पर चल रहे थे। प्रोन में उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। इससे उम्मीद थी कि वह पदक जरूर दिलावाएंगे।

संजीव ने हालांकि स्टैंडिंग सीरीज में लगातार कम स्कोर बनाए और चौथे शॉट में तो वह 8.4 का ही स्कोर बना सके। संजीव ने वापसी की कोशिश भी की, लेकिन आखिर में उन्हें 420. 6 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान से ही संतोष करना पड़ा।  

भारत के अन्य निशानेबाजों में चैन सिंह क्वालीफिकेशन में 1157 के स्थान के साथ नौवें जबकि सत्येंद्र सिंह 1154 का स्कोर बनाकर 13वें स्थान पर रहे। चीन ने अपना दबदबा बरकरार रखा। उसके हुई जिकचेंग 454.2 ने स्वर्ण और जियान सुन 451. 6 ने रजत पदक जीता।

महिलाओं के दस मीटर एयर पिस्टल में हरवीन ने 133.6 का स्कोर बनाया ओर वह सातवें स्थान पर रही। हीना सिद्धू फाइनल में जगह नहीं बना पाई। उन्होंने क्वालीफिकेशन में 378 का स्कोर बनाया और 11वें स्थान पर रही। चीन की लिन युमीन ने फाइनल में 240.8 का स्कोर बनाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.