नई दिल्ली। रियो ओलंपिक में मैराथन के स्वर्ण विजेता इलियूड किप्चोगे ने 20 नवंबर को राजधानी में होने वाली एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन में 60 मिनट से कम समय निकालने का लक्ष्य रखा है।
किप्चोगे ने गुरुवार को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उनका लक्ष्य इस हाफ मैराथन में 60 मिनट से कम का समय निकालना है। किप्चोगे ने लिली में अपनी पदार्पण हाफ मैराथन में 59.25 मिनट का समय निकाला था।
केन्या के किप्चोगे को अपने हमवतन और दोस्त अगस्टीन चोगे और यिगरेम देमेलैश से कड़ी चुनौती मिल सकती है। चोगे का सर्वश्रेष्ठ समय 63.24 मिनट और देमेलैश का सर्वश्रेष्ठ समय 59.49 मिनट है। चोगे पहली बार दिल्ली हाफ मैराथन में दौड़ेंगे और वह किप्चोगे को अपना मेंटर मानते हैं।
हाफ मैराथन में मौजूदा विश्व महिला चैंपियन पेरेस जैपचिरचिर भी दौड़ेंगी। आधुनिक तकनीक के साथ अपनी ट्रेनिंग करने वाली जैपचिरचिर को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। उन्हें इटली में ट्रेंनिंग करने वाली वेलेरिया स्ट्रैनियो और हेला किपरोप से कड़ी चुनौती मिलेगी।
पुरुष तथा महिला दोनों वर्गों में धावकों की नजरें 27 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि पर रहेंगी।